भरमौर में शरारती तत्वों ने बाइक को लगाई आग
टैक्सी स्टैंड में खड़ी बाइक को रात के समय जलाया, मामला दर्ज
पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ दर्ज किया मामला, तलाश जारी
अमर उजाला ब्यूरो
भरमौर (चंबा)। भरमौर में शरारती तत्वों ने बाइक को आग लगा दी। बाइक टैक्सी स्टैंड में खड़ी थी। पुलिस ने इस संबंध में मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
मामला सोमवार रात का है जब कुलदीप कुमार निवासी बाड़ी टैक्सी स्टैंड में बाइक को खड़ा किया था। वह पुराने बस स्टैंड दुकान करता है। सोमवार को रोजाना की तरह दुकान बंद कर गांव बाड़ी जा रहा था। उसने बाइक को टैक्सी स्टैंड के भीतर खड़ा कर दिया और घर चला गया। मंगलवार को जब वह टैक्सी स्टैंड में बाइक लेने गया तो उसकी बाइक पूरी तरह से जल चुकी थी। आसपास पता करने की कोशिश की मगर इसके बारे में किसी को भी कोई जानकारी नहीं थी।
इसके बाद उसने पुलिस को इसकी सूचना दी। पुलिस ने मौके पर जाकर जली हुई बाइक का मुआयना किया। टैक्सी स्टैंड में रात को गाड़ी खड़ी करने वाले लोगों से इस बारे पूछताछ भी की। मगर बाइक की आग के बारे में कोई जानकारी नहीं मिल पाई है। पुलिस ने बाइक मालिक के बयान पर अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया। साथ ही आरोपियों की तलाश शुरू कर दी। वहीं टैक्सी स्टैंड में बाइक जलने से टैक्सी चालकों और अन्य लोगों को गाड़ियों की चिंता सताने लगी है। यहां टैक्सियों के साथ अन्य लोग भी गाड़ियां खड़ी करते हैं। स्थानीय लोगों ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि बाइक को जलाने वाले शरारती तत्वों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए। पुलिस अधीक्षक वीरेंद्र तोमर ने बताया कि भरमौर में बाइक जलाने का मामला सामने आया है। पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है। जल्द ही आरोपी पुलिस गिरफ्त में होंगे।