अमर उजाला ब्यूरो
बनीखेत (चंबा)। चंबा-पठानकोट मार्ग पर बनीखेत के समीप पुलिस ने नाकाबंदी के दौरान निजी बस में सवार एक यात्री को चरस सहित धर दबोचा है। पुलिस ने यात्री के कब्जे से 454 ग्राम चरस बरामद करने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। चरस तस्कर की पहचान भागमल निवासी नेरा डाकघर सुदली तहसील नूरपुर (कांगड़ा) जिला कांगड़ा के रूप में हुई। पुलिस टीम अब यह पता लगाने में जुट गई है कि आखिरकार आरोपी ने चरस की खेप कहां से ली? जानकारी के मुताबिक पुलिस टीम ने चंबा-पठानकोट हाईवे पर बनीखेत के समीप नाकाबंदी की हुई थी। इस दौरान वाहनों का निरीक्षण किया जा रहा था कि इसी दौरान भरमौर से कांगड़ा के लिए रवाना हुई निजी बस बनीखेत के समीप पहुंची। पुलिस ने शक के आधार पर बस को रोका और तलाशी शुरू की। इस दौरान बस में सवार भागमल से पुलिस ने 454 ग्राम चरस बरामद की। पुलिस ने आरोपी को तुरंत गिरफ्तार कर लिया है। साथ ही मामला दर्ज कर मामले की गहनता से छानबीन शुरू कर दी है। गौरतलब है कि जिले में चरस तस्करी का कारोबार थमने का नाम नहीं ले रहा है। हालांकि, पुलिस की ओर से नशे की तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं लेकिन यह प्रयास नाकाफी साबित हो रहे हैं। एसपी चंबा डॉ. मोनिका ने बताया कि बनीखेत के समीप निजी बस में सवार एक यात्री से पुलिस टीम ने 454 ग्राम चरस बरामद की है। कहा कि आरोपी के खिलाफ मुकद्दमा दर्ज कर लिया है। आगामी छानबीन जारी है।