दूध, ब्रेड की गाड़ी में पकड़े प्रतिबंधित खैनी के पैकेट
पुलिस ने खैनी और गाड़ी को किया जब्त, चालक पर केस दर्ज
चंबा-पठानकोट मार्ग पर नाके के दौरान बरामद की खैनी
अमर उजाला ब्यूरो
चंबा। पुलिस की स्टेट नारकोटिक्स की टीम ने चंबा-पठानकोट राष्ट्रीय उच्च मार्ग पर दूध, ब्रेड और दही की सप्लाई लेकर आ रही गाड़ी से प्रतिबंधित खैनी की अवैध खेप पकड़ी है। टीम ने बुधवार को शिव मंदिर परेल के पास नाका लगाया हुआ था। इस दौरान वहां से आने जाने वाले हर वाहन की पुलिस टीम पूरी जांच पड़ताल कर रही थी। नाके के दौरान पिकअप बोलेरो नंबर एचपी-73 -6499 पठानकोट की ओर से चंबा की तरफ जा रही थी। उसे चेकिंग के लिए रोका गया। गाड़ी की चेकिंग करने पर पुलिस को 1040 पैकेट प्रतिबंधित खैनी के बरामद हुए। पुलिस ने खैनी के पैकेटों के साथ गाड़ी को अपने कब्जे में ले लिया है। साथ ही गाड़ी के चालक के खिलाफ अवैध रूप से नशे की सप्लाई करने का मामला दर्ज किया गया। स्टेट नारकोटिक्स की टीम ने कार्रवाई के बाद मामले को सुल्तानपुर चौकी के अधीन कर दिया। अब सुल्तानपुर चौकी की टीम मामले की आगामी कार्रवाई को अंजाम देगी। पुलिस अधीक्षक डॉक्टर मोनिका ने मामले की पुष्टि की है।