कार और बस में भिड़ंत, पहाड़ी पर अटकी कार
चंबा-पठानकोट मार्ग पर बस से टकराने के बाद कार सड़क से खिसकी, बड़ा हादसा होने से टला वाहनों को पहुंची क्षति, दंपती ने गाड़ी से बाहर निकल बचाई जान
अमर उजाला ब्यूरो
चंबा। चंबा-पठानकोट मार्ग पर हढोठा (नजदीक चनेड़) के पास एचआरटीसी बस और कार में भिड़ंत हो गई। गनीमत रही कि कार और बस में सवार लोगों को गंभीर चोट नहीं लगी। हालांकि बस से टकराने के बाद कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। टक्कर इतनी जोरदार थी, कि कार सड़क के किनारे जाकर खाई में गिरने से बाल-बाल बची। कार का पिछला हिस्सा सड़क से बाहर हवा में लटक गया। कार में सवार दंपती ने बाहर निकल जान बचाई। हादसे के बाद बस में सवार सभी सवारियां बस से नीचे उतर गई। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई। इससे पहले कि पुलिस को कार्रवाई करती। कार और बस चालक ने मामले को पुलिस में देने से इंकार कर दिया। दोनों ने आपस में समझौता कर लिया। इसके चलते पुलिस ने चश्मदीदों और दोनों चालकों का बयान दर्ज किया। चालकों ने पुलिस को दिए बयान में कहा कि तेज बारिश के कारण सड़क पर यह हादसा हुआ। इसमें किसी की भी कोई लापरवाही नहीं है। कार व बस में सवार सभी लोग सुरक्षित हैं। पुलिस अधीक्षक डॉ. मोनिका ने बताया कि चनेड़ के पास बस और कार में भिड़ंत हुई। मगर हादसे में किसी को भी चोटें नहीं आई हैं।