अमर उजाला ब्यूरो
चंबा। पुराना बस स्टैंड मार्ग पर भरमौर चौक के पास उस समय हंगामा हो गया जब कुछ लोगों ने महिला से मारपीट शुरू कर दी। मामला शनिवार सुबह के समय पेश आया। इस दौरान मौजूद लोगों ने बीच बचाव किया। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और मारपीट करने वालों को थाना पूछताछ के लिए ले जाया गया। मगर यहां दोनों पार्टियों के बीच समझौता हो गया। जानकारी के अनुसार सुबह करीब सवा दस बजे के करीब एक महिला गाड़ी से उतरी। इसी दौरान अचानक कुछ महिलाएं और पुरुष महिला पर टूट पड़े। उन्होंने महिला को बुरी तरह से पीटना शुरू कर दिया। मारपीट के चलते यहां लोगों की भीड़ एकत्रित हो गई। इसके बाद में मौके पर मौजूद लोगों ने बीच बचाव किया। इसके साथ ही पुलिस को भी सूचित किया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामला शांत करवाया।