अमर उजाला ब्यूरो
चंबा। ईबे बिल में गड़बड़ी करने वाले दो व्यापारियों को आबकारी एवं कराधान विभाग ने एक लाख तीस हजार रुपये जुर्माना ठोंका है। बाहरी राज्यों के दो व्यापारी गाड़ियों में रजाइयां और गद्दे भरकर बेचने के लिए चंबा ला रहे थे। चंबा-पठानकोट मार्ग पर तड़ोली के पास नाके पर खड़ी विभागीय टीम ने व्यापारियों के मालवाहक वाहनों को चेकिंग के लिए रोका। चेकिंग के दौरान संबंधित अधिकारी ने सामान के बिलों की छानबीन की। जांच करने पर ईबे बिल में गड़बड़ी पाई गई। गहनता से जांच करने पर सवा छह लाख के सामान का व्यापारी ने सही तरीके से ईबे बिल नहीं बनवाया गया था। इसको लेकर विभागीय टीम ने व्यापारियों को एक लाख तीस हजार रुपये का जुर्माना ठोंका। पिछले कुछ दिनों से चंबा में बाहरी राज्यों के कारोबारियों की दबिश बढ़ गई है। बाहरी राज्यों के व्यापारी बिना बिल का सामान बेचने के लिए चंबा का रुख कर रहे हैं। आबकारी एवं कराधान विभाग अभी तक आधा दर्जन व्यापारियों को जुर्माना लगा चुका है। विभागीय कार्रवाई जारी है। बाहरी राज्यों समेत जिले के व्यापारियों पर विभाग ने पैनी नजर रखी है। जिससे कोई भी व्यापारी टैक्स की चोरी न कर सके। नाके पर मुस्तैद टीम में एसटीई मदन लाल, एएसटीईओ बलजीत सिंह और शम्मी ने उपरोक्त कार्रवाई को अंजाम दिया। उपायुक्त राज्य कर एवं कराधान नविंद्र सिंह ने बताया कि ईबे बिल में गड़बड़ी करने वाले दो व्यापारियों को एक लाख तीस हजार रुपये जुर्माना ठोंका है। विभाग टैक्स चोरी करने वाले कारोबारियों पर ऐसे ही कार्रवाई करेगा।