कलोनीमोड़ जंगल में आग, एक दर्जन पेड़ जले
वन विभाग और दमकल विभाग के कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद पाया काबू
अमर उजाला ब्यूरो
तीसा(चंबा)। चुराह उपमंडल के तहत ग्राम पंचायत तीसा के समीप कलोनीमोड़ जंगल में शरारती तत्वों ने आग लगा दी। इस आग में करीब एक दर्जन चील के पेड़ जल गए हैं। सूचना मिलते ही वन विभाग और दमकल विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर आग को बुझाया। इसके बाद लोगों ने राहत की सांस ली। गौरतलब है कि इन दिनों जंगलों में आग लगने के मामले नहीं थम रहे हैं। लगातार वन संपदा आग में धू-धू कर जल रही है। मंगलवार को आग बुझाते समय एक अधिकारी पैर फिसलने से खाई मे गिरकर काल का ग्रास बन चुका है। मगर अभी भी शरारती तत्व वन संपदा में आग लगाने से बाज नहीं आ रहे हैं। इससे जहां पर्यावरण को नुकसान हो रहा है तो वहीं दूसरी तरफ बेशकीमती वन संपदा भी जलकर राख हो रही है। वन परिक्षेत्र अधिकारी जोगिंद्र सिंह ने बताया कि दो बजे आग लगी थी। मौके पर पहुंचकर विभाग की टीम ने दमकल विभाग के सहयोग से आग को बुझाया है। उन्होंने लोगों से आह्वान किया है कि वह जंगलों में आग न लगाएं।
काथलू गांव में तीन गौशालाएं जलीं
अमर उजाला ब्यूरो
चुवाड़ी (चंबा)। भटियात उपमंडल के तहत ग्राम पंचायत परछोड़ के गांव काथलू में तीन गौशालाएं जंगल की आग से जल गईं। यह मामला मंगलवार देर शाम को सामने आया। गनीमत रही कि आग के दौरान गौशाला में पशु नहीं बंधे थे। अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था। पूर्व पंचायत प्रधान राज कुमार चंबियाल ने बताया कि घटना में प्रभावित कमर सिंह पुत्र किरपोराम, चैन सिंह पुत्र भगतो राम और केवल सिंह पुत्र कमर सिंह की गौशाला जल गई है। गौरतलब है कि उपमंडल में आग लगने की घटनाएं दिनप्रतिदिन बढ़ती जा रही है। पूर्व प्रधान राज कुमार चंबियाल ने लोगों से आह्वान किया है कि वह वन संपदा को आग न लगाएं।