अमर उजाला ब्यूरो
चंबा। मैहला क्षेत्र में वन विभाग की टीम ने देवदार के नौ स्लीपर पकड़े हैं। वन विभाग ने इस मामले को लेकर छानबीन शुरू कर दी है। फिलहाल विभागीय टीम अज्ञात लोगों को पकड़ने में जुटी है। यह कामयाबी वन विभाग को गुप्त सूचना के आधार पर मिली है। जानकारी के अनुसार वीरवार देर रात वन विभाग को सूचना मिली कि मैहला के साथ लगते जांघी में अवैध रूप से देवदार के स्लीपरों की तस्करी हो रही है। सूचना मिलने के बाद वन विभाग ने स्थानीय वन रक्षक को अवगत करवाया। साथ ही टीम गठित की। सूचना के आधार पर बताई गई जगह पर जब वन विभाग की टीम ने दबिश दी तो अज्ञात लोग स्लीपर मौके पर छोड़कर फरार हो गए। विभाग ने स्लीपरों को कब्जे में लिया और आगामी कार्रवाई शुरू की। क्षेत्र में देवदार के स्लीपर पकड़े जाने के बाद हड़कंप मच गया है। बीते दिनों डलहौजी में भी पेड़ काटकर कोयला तैयार करने का मामला सामने आ चुका है। इसमें अभी तक दो गिरफ्तारियां हो चुकी हैं। वन मंडल अधिकारी चंबा संजीव शर्मा ने बताया कि नौ देवदार के स्लीपर पकड़े गए हैं। उन्होंने कहा कि इस बारे में गुप्त सूचना मिली थी। इस पर त्वरित कार्रवाई कर अज्ञात लोगों की धरपकड़ शुरू कर दी है।