चंबा। सलूणी उपमंडल के तहत एक गांव में नाबालिग की शादी को पुलिस और चाइल्ड लाइन ने मौके पर पहुंचकर रुकवाया। इसके साथ ही दुल्हन लेने आई बारात को बेरंग लौटना पड़ा। यहां 23 साल के दूल्हे की 16 साल की नाबालिग से शादी करवाई जा रही थी। इसकी सूचना चाइल्ड लाइन चंबा को मिली।
सूचना के आधार पर आगामी कार्रवाई कर पुलिस की सहायता से चाइल्ड लाइन ने शादी रुकवाने में सफलता हासिल की। इसके साथ ही बारातियों और दूल्हे के हिदायत दी कि बालिग होने पर ही शादी करवाई जाए। अन्यथा दोबारा ऐसा प्रयास करते हैं तो उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। इस दौरान दूल्हे की ओर से दुल्हन के नाबालिग होने के मामले में अनभिज्ञता जाहिर की गई।
चाइल्ड लाइन समन्वयक कपिल शर्मा ने बताया कि इस बारे में 1098 पर सूचना मिली। इसके बाद डीसी चंबा, एसपी चंबा, जिला कार्यक्रम अधिकारी, सलूणी एसडीए समेत सीडीपीओ और एसएचओ किहार संदीप पठानिया को सूचित किया गया।
सीडीपीओ सलूणी ने भी यह सूचना आंगनबाड़ी वर्कर के माध्यम से मिलने की जानकारी दी। मामले में पता चला कि लड़की की आयु 16 साल है। बारात भी दुल्हन ब्याहने पहुंच चुकी है। इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए एसआई रविंद्र की अगुवाई में टीम मौके पर भेजी गई। उन्होंने मौके पर शादी रुकवाई और चाइल्ड लाइन को सूचना दी। दुल्हन ब्याहने आई बारात बेरंग लौटी। व्यापक जागरूकता कार्यक्रमों के बाद भी जिले में बाल विवाह क मामले सामने आ रहे हैं।