खाई में गिरने से एक व्यक्ति की मौत
द्रबला का मामला, पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवा शुरू की छानबीन
अमर उजाला ब्यूरो
चंबा। द्रबला के पास खाई में गिरने से एक व्यक्ति की मौत हो गई। मृतक की पहचान कमल कुमार पुत्र छोटा राम निवासी गांव दुम्मा डॉक घर मंगला के रूप में हुई है। हादसा मंगलवार रात का है जब कमल द्रबला से दुम्मा जा रहा थी। इसी दौरान दरवला के पास पांव फिसलने से वह खाई में गिर गया। खाई में गिरते समय उसके चिल्लाने की आवाज सुनकर आसपास के लोग वहां पहुंच गए। उन्होंने उसे खाई से निकाला और एंबुलेंस के जरिये चंबा मेडिकल कॉलेज पहुंचाया। जहां पर इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। उसके सिर पर गंभीर चोटें आई थीं। इसके बाद पुलिस को घटना की सूचना दी गई। पुलिस ने अस्पताल में पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर छानबीन शुरू कर दी है। बुधवार को पोस्टमार्टम करवाने के बाद पुलिस ने शव मृतक के परिजनों को सौंप दिया है। पुलिस अधीक्षक वीरेंद्र तोमर ने बताया कि खाई में गिरने से व्यक्ति की मौत हुई है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।