जहरीला पदार्थ खाने से युवक की मौत
जहरीला पदार्थ निगलने से बिगड़ गई तबीयत, टांडा ले जाते समय तोड़ा दम
पुलिस ने पोस्टमार्टम करवाने के बाद परिजनों को सुपुर्द किया शव
अमर उजाला ब्यूरो
चंबा। जहरीला पदार्थ खाने से युवक की मौत हो गई है। पुलिस ने रविवार को पोस्टमार्टम करवाने के बाद शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया है। मृतक की पहचान भोलू निवासी लुहारका के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि शनिवार शाम को उसने गलती से जहरीला पदार्थ खा लिया। इससे उसकी तबीयत खराब हो गई। तबीयत ज्यादा खराब होता देेख परिजन शाम के समय उसे चंबा मेडिकल कॉलेज लेकर आए। यहां पर मौजूद डॉक्टर ने उसे प्राथमिक उपचार दिया। मगर उस समय तक उसके शरीर में काफी मात्रा में जहर फैल चुका था। इसके चलते डॉक्टर ने उसे टांडा मेडिकल कॉलेज रेफर किया। परिजन उसे लेकर टांडा को रवाना हुए। मगर 15 किमी दूर जाने पर रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया। इसके बाद परिजन शव को वापिस चंबा लेकर आए और पुलिस को इसकी सूचना दी गई। पुलिस ने अस्पताल में जाकर शव कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल के शव गृह में रखा। रविवार को शव का पोस्टमार्टम किया गया। इसके साथ ही पुलिस ने परिजनों के बयान भी दर्ज किए। पुलिस मामले की जांच कर रही है। पुलिस अधीक्षक डॉ. मोनिका ने बताया कि जहरीला पदार्थ खाने से युवक की मौत हो गई है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।