चंबा। दीवानी मुकदमे के मामले में उद्घोषित अपराधी को पकड़ने में पुलिस को सफलता मिली है। उद्घोषित अपराधी राजदीन निवासी गांव शिम्रा डॉकघर टिकरी के खिलाफ वर्ष 2015 में दीवानी मुकदमा दर्ज हुआ था। इसकी कोर्ट में सुनवाई चल रही थी। मगर वह कोर्ट में पेशी पर नहीं आ रहा था। इस वजह से पिछले माह कोर्ट ने उसे उद्घोषित अपराधी करार दिया।
कोर्ट की ओर से पुलिस को उसे पकड़ने के निर्देश दिए गए थे। नकरोड़ चौकी पुलिस टीम ने छह अगस्त को उसे पकड़ने में सफलता हासिल की। पुलिस ने उसके खिलाफ अदालत की अवमानना करने का भी केस दर्ज किया। पुलिस अधीक्षक डॉ. मोनिका ने बताया कि दीवानी मुकदमे के मामले में उद्घोषित अपराधी को पकड़ा गया। पुलिस मामले की आगामी कार्रवाई को अंजाम दे रही है।