चंबा। पुलिस के पीओ सेल ने चोरी मामले में उद्घोषित अपराधी को पांच साल बाद पकड़ने में सफलता पाई है। उद्घोषित अपराधी की पहचान हेमराज पुत्र चेत सिंह निवासी भराड़ा (चुराह) के रूप में हुई है। इसके खिलाफ वर्ष 2013 में चोरी का मामला दर्ज हुआ था। कोर्ट में केस चल रहा था, लेकिन वह पेशी पर नहीं आ रहा था। इसकी वजह से उसे उद्घोषित करार दिया गया था। पीओ सेल ने उसकी तलाश शुरू की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं लगा।
वीरवार को पुलिस को सूचना मिली कि वह अपने गांव में है। पुलिस ने सुनियोजित तरीके से जाल बिछाया और उसे धर दबोचा। पुलिस ने उसे कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे पुलिस रिमांड पर भेजा दिया गया। पुलिस अधीक्षक डॉक्टर मोनिका ने बताया कि उद्घोषित अपराधी को गिरफ्तार किया गया है। उसके खिलाफ अदालत की अवमानना का केस भी दर्ज किया गया है। पुलिस आगामी कार्रवाई कर रही है।