चंबा। चांजू-चंबा सड़क पर पुलिस ने नकरोड़ के समीप कतारबेन में एक महिला को चरस समेत दबोचा है। पुलिस ने महिला के बैग से 515 ग्राम चरस बरामद की है। आरोपी महिला मूल रूप से कांगड़ा की रहने वाली है। पुलिस ने यह कार्रवाई नाकाबंदी के दौरान की है। पुलिस ने महिला को गिरफ्तार कर लिया है। इसके साथ ही पुलिस थाना तीसा में एनडीपीएस एक्ट की धारा 20 के तहत मामला दर्ज किया। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।
जानकारी के अनुसार रविवार को पुलिस ने मार्ग पर नाकाबंदी की थी। इस दौरान पुलिस ने चांजू से चंबा की ओर आने वाली महिला को देखा। महिला पुलिस को देखकर घबरा गई और भागने की कोशिश करने लगी। पुलिस ने शक के आधार पर महिला का पीछा किया और कुछ ही दूरी पर उसे पकड़ लिया गया। पूछताछ के दौरान महिला ने अपना नाम गीता देवी पत्नी विजय कुमार गांव मदनपुर डाकघर गुरुचल तहसील नूरपुर जिला कांगड़ा बताया। पुलिस ने जब महिला के हाथ में पकड़े हैंड बैग की तलाशी ली तो उसमें से 515 ग्राम चरस बरामद की गई। पुलिस ने आरोपी को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया है। साथ ही मामले की छानबीन शुरू कर दी है।
गौरतलब है कि बीते दिनों भी सुल्तानपुर चौकी पुलिस टीम ने चंबा-पठानकोट राष्ट्रीय उच्च मार्ग पर एक व्यक्ति को चरस समेत धर दबोचा था। सिलसिलेवार मामले सामने आने से जाहिर हो रहा है कि चंबा में चरस तस्करी के मामले कम होने के बजाय बढ़ते जा रहे हैं।
पुलिस ने भी चरस तस्करों के खिलाफ अभियान छेड़ा है। एसपी चंबा डॉ. मोनिका ने खबर की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि महिला को चरस के साथ गिरफ्तार किया है। उन्होंने कहा कि पुलिस ने महिला के कब्जे से 515 ग्राम चरस बरामद की है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।