चंबा। टुंडी में एक ट्रक सब्जी की दुकान में घुस गया। इस हादसे में तीन लोग घायल हो गए हैं। बताया जा रहा है कि हादसा ट्रक चालक की लापरवाही से हुआ है। गनीमत रही कि हादसे में लोगों को सिर्फ चोटें लगी है। हालांकि दुकान में ट्रक घुसने से सामान को नुकसान पहुंचा है। इसकी वजह से दुकानदार को काफी नुकसान हुआ है। पुलिस ने ट्रक चालक के खिलाफ आईपीसी की धारा 279, 337 के तहत मामला दर्ज किया है।
जानकारी के अनुसार केवल कुमार पुत्र बलदेव सिंह निवासी टुंडी वीरवार को दुकान में सब्जी बेच रहा था। उसी दौरान भान सिंह ट्रक लेकर बनेट की तरफ से लेकर आ रहा था। इसी दौरान अचानक वह वाहन से नियंत्रण खो बैठा और ट्रक सब्जी की दुकान में घुस गया। इससे वहां सब्जी खरीद रहे तीन लोग इसकी चपेट में आने से घायल हो गए। गनीमत यह रही कि उन्हें गंभीर चोटें नहीं आई हैं।
केवल कुमार ने घटना की जानकारी पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर जाकर ट्रक चालक के खिलाफ लापरवाही से गाड़ी चलाने का मामला दर्ज किया। साथ ही चालक को गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद उसे जमानत पर रिहा कर लिया है। पुलिस अधीक्षक डॉ. मोनिका ने मामले की पुष्टि की है।