चंबा के परेल-कोहलडी मार्ग पर चोरी किए गए क्रैश बेरियर।स्त्रोत:संवाद
चंबा। वाहन दुर्घटनाएं रोकने के लिए सड़क किनारे लगाए गए क्रैश बैरियर पर भी चोरों ने हाथ साफ करना शुरू कर दिया है। परेल-कोहलड़ी मार्ग पर तीन बार क्रैश बैरियर की चोरी हो चुकी है।
सड़क निर्माण में जुटे ठेकेदार की शटरिंग प्लेटों पर भी चोरों ने हाथ साफ कर दिया है। इसको लेकर लोक निर्माण विभाग के अधिकारी ने सदर थाना प्रभारी से शिकायत भी की है, लेकिन अभी तक चोरी करने वालों का पता नहीं चला है। मार्ग पर कुछ वर्ष पहले लाखों रुपये खर्च कर विभाग ने क्रैश बेरियर लगाए थे, लेकिन रात के अंधेरे में चोर इन क्रैश बैरियर को निकालकर चोरी कर रहे हैं। सोमवार को विभाग के अधिकारियों ने क्रैश बैरियर का निरीक्षण किया तो कई जगह ये हवा में लटके मिले। इन्हें चोरी की नियत से निकाला गया था।
परेल-कोहलड़ी मार्ग पर सड़क किनारे कई जगह गहरी खाई बन गई है। यहां कई बार हादसे हो चुके हैं। दुर्घटनाओं को रोकने के लिए विभाग ने क्रैश बैरियर लगाए थे। स्थानीय निवासी चैन सिंह, रवि कुमार, अशोक, विनोद कुमार, प्यार चंद, सुरेंद्र और केवल ने मांग की है कि चोरी करने वालों को पकड़कर उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए। जो कबाड़ी चोरी किए गए क्रैश बैरियर को खरीद रहे हैं, उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जाए।
लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता राजीव शर्मा ने बताया कि परेल-कोहलड़ी मार्ग पर क्रैश बैरियर और ठेकेदार की शटरिंग प्लेटों की चोरी का मामला सामने आया है। इसको लेकर विभाग ने पुलिस को अवगत करवा दिया है। विभाग अपने स्तर पर भी चोरों का पता लगाने का प्रयास कर रहा है।