चंबा। खनन विभाग ने जिला प्रशासन के आदेश जारी होने के उपरांत अवैध खनन करने वालों पर शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। बुधवार शाम को जिला खनन अधिकारी की अगुवाई में टीम ने सुंडला में दबिश दी।
इस दौरान तीन माल वाहक वाहनों को अवैध रूप से रेत ले जाते हुए पकड़ा गया। वाहन चालकों के पास रेत ले जाने के लिए किसी प्रकार का लाइसेंस नहीं था। इसके चलते उन वाहनों के चालान काटे गए। जिला खनन अधिकारी चंद्र भूषण और अन्य टीम राजपुरा से होते हुए निरीक्षण को सुंडला पहुंची। यहां खनन करने में जुटे अवैध खनन कारी फरार हो गए, लेकिन टीम ने रेत लेकर जा रहे दो ट्रैक्टर और एक टिपर को सड़क पर पकड़ लिया। इनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करते हुए चालान काटे गए। जिला प्रशासन ने हाल ही में खनन करने के लिए बनाई गई अवैध सड़कों को बंद करने के आदेश जारी किए हैं। जिला खनन अधिकारी चंद्र भूषण ने बताया कि जिला प्रशासन के आदेशानुसार नदी नालों को जाने के लिए बनाई गई अवैध सड़कें बंद करवाई जाएंगी। इसके लिए अन्य विभागों की भी मदद ली जाएगी।