चंबा। जिले से भेजे 15 सैंपल की रिपोर्ट निगेटिव आई है। रिपोर्ट निगेटिव आना चंबा के लिए राहत भरी खबर है। इससे पहले भीचूड़ी और तीसा ब्लॉक से भेजे 14 सैंपल की रिपोर्ट निगेटिव आ चुकी है। पिछले चार दिनों में चंबा जिले में कोई भी कोरोना संक्रमित मरीज नहीं आया है। स्वास्थ्य विभाग रोजाना विभिन्न ब्लॉकों से कोरोना जांच के लिए संदिग्ध मरीजों के सैंपल टांडा भेजे जा रहे हैं। बुधवार को भी 15 सैंपल टांडा भेजे गए हैं। इनकी रिपोर्ट अभी आना बाकी है। स्वास्थ्य विभाग की ओर से चंबा मेडिकल कॉलेज में फ्लू क्लीनिक भी शुरू की गई है। यहां पर डॉक्टर संदिग्ध मरीजों के सैंपल ले रहे हैं। इन्हें जांच के लिए टांडा मेडिकल कॉलेज भेजा जा रहा है। फ्लू क्लीनिक से भेजे गए सैंपल में अभी तक कोई भी मरीज कोरोना पॉजिटिव नहीं पाया गया है। सभी सैंपल निगेटिव आए हैं। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राजेश गुलेरी ने बताया कि जिले में से भेजे जा रहे सैंपल की रिपोर्ट निगेटिव आ रही है। यह जिले के लिए अच्छी खबर है। अब भेजे गए 15 सैंपल की रिपोर्ट भी निगेटिव आई है।