चंबा। जिला में होने वाले शादी, मुंडन, जगराता व अन्य समारोहों पर आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, आशा वर्कर, युवक मंडल व महिला मंडलों के पदाधिकारी निरीक्षण करेंगे। मौके पर पहुंचकर उक्त कार्यकर्ता समारोह में कोविड-19 गाइडलाइन की अनुपालना का पाठ पढ़ाएंगे। साथ ही बिना मास्क लोगों को समारोह में न आने बारे जागरूक करेंगे। इसके अलावा दो गज की दूरी नियम के बारे में भी जानकारी देंगे ताकि कोरोना संक्रमण को समारोहों से दूर रखा जा सके। कोरोना के बढ़ते मामलों के बीच जिला प्रशासन अलर्ट हो गया है। एक तरफ जहां सरकार एक्टिव मोड पर आ गई है तो वहीं, प्रशासन ने भी कोरोना की रोकथाम के लिए प्रयास शुरू कर दिए हैं। प्रशासन ने हाल ही में बैठक कर अधिकारियों को जरूरी दिशा-निर्देश दिए हैं। इस जागरूकता अभियान के लिए प्रशासन ने एसडीएम को नोडल अधिकारी नियुक्त किया है। जो पूरी रिपोर्ट प्रशासन को सौंपेंगे। गौरतलब है कि पिछले करीब एक माह में जिला में कोरोना केस बढ़े हैं। सप्ताह में सौ से अधिक मामले सामने आ रहे हैं। इस कारण प्रशासन ने अब जरूरी दिशा-निर्देश अधिकारियों को जारी किए हैं। उपायुक्त चंबा डीसी राणा ने खबर की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि शादी व अन्य समारोहों पर नजर रखी जाएगी। इस संदर्भ में जरूरी दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं। उन्होंने लोगों से आह्वान किया है कि मास्क अनिवार्य रूप से पहनें और सामाजिक दूरी नियम का पालन करें।