शराब ठेके खरीदने से ठेकेदारों ने पीछे खींचे हाथ
सलूणी, डलहौजी और सिहुंता में ठेकों को नहीं मिल रहे हैं खरीदार
तीन राउंडों में महज चंबा, तीसा और लूणा के ठेके ही हो पाए नीलाम
अब चौथे राउंड के तहत आबकारी एवं कराधान करेगा फिर से नीलाम
संवाद न्यूज एजेंसी
चंबा। जिला चंबा में शराब के ठेके खरीदने को लेकर ठेकेदार हाथ पीछे खींच रहे हैं। शराब की यूनिटों के रेट काफी अधिक होना इसकी मुख्य वजह बताया जा रहा है। अभी तक जिले के 11 यूनिटों में से सलूणी, डलहौजी और सिहुंता में ज्यादा ठेके नीलाम नहीं हो पाए हैं। आबकारी एवं कराधान विभाग की तीन दौर की नीलामी के बाद भी समस्त शराब की यूनिटों के नीलाम न होने पर अब चौथे दौर में इन्हें नीलाम किया जा सकता है। इसके अलावा आबकारी एवं कराधान विभाग के निदेशालय की ओर से मिलने वाले निदेशानुसार आगामी कार्रवाई शुरू की जाएगी।
गौर रहे कि जिला चंबा में शराब के 11 यूनिटों में से अब तक महज चार यूनिटों समेत सलूणी, डलहौजी आधा, सिहुंता, चंबा, तीसा और लूणा में शराब के ठेके नीलाम हो गए हैं। अभी भी सिंहुता, डलहौजी और सिहुंता के ज्यादातर ठेकों की नीलाम नहीं हो पाई है। शराब के ठेकों की नीलामी न होने के पीछे की मुख्य वजह बीते वर्ष 109 करोड़ में शराब की यूनिटों की बिक्री होना माना जा रहा है। तीन दौर बाद भी जिले में शराब के समस्त ठेको के नीलाम न होने से विभाग की चिंताएं भी बढ़ गई हैं।
बहरहाल, अब आबकारी एवं कराधान विभाग के निदेशालय की ओर से मिलने वाले आदेशों के तहत ही आगामी राउंड आयोजित करवाकर नीलाम करवाए जा सकते हैं। उधर, जिला आबकारी एवं कराधान विभाग के डिप्टी कमिश्नर कंवर शाह देव कटोच ने बताया कि जिले में अभी भी कई शराब के ठेकों की नीलामी होना शेष है। बताया कि निदेशालय के आदेशानुसार ही आगामी पग बढ़ाए जाएंगे।