चंबा। बिना वजह निर्माण कार्य लटकाने वाले ठेकेदारों को लोक निर्माण विभाग जुर्माना लगाएगा। इसके लिए लोक निर्माण विभाग मंडल भरमौर ने सभी ठेकेदारों को चेतावनी जारी कर दी है।
जनजातीय क्षेत्र भरमौर में सर्दी के मौसम में विकास कार्य करवाना मुश्किल होता है। अधिकांश क्षेत्रों में सर्दी के दौरान भारी बर्फबारी होती है। ऐसे क्षेत्रों में गर्मी के मौसम में ही विकास के कार्यों को गति दी जा सकती है। इसी बात को ध्यान में रखते हुए लोक निर्माण विभाग मंडल भरमौर ने प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत बनाई जा रहीं सड़कों के निर्माण कार्य करने वाले ठेकेदारों को चेतावनी जारी कर दी है। उन ठेकेदारों की सूची बनाई जा रही है, जो विभाग की चेतावनी के बाद भी कार्यों को गति नहीं दे रहे हैं। ऐसे ठेकेदारों पर विभाग जुर्माना लगाने वाला है।
लोक निर्माण विभाग की चेतावनी जारी होने बाद ठेकेदारों में हड़कंच मच गया है। कई ऐसे ठेकेदार हैं, जिन्होंने अभी तक अपने काम पूरे नहीं किए हैं। विभागीय कार्रवाई से बचने के लिए ठेकेदार अब कई तरह के बहाने बनाकर विभाग के सामने पेश कर रहे हैं। विभाग ने सख्त हिदायत दी है कि जिस ठेकेदार को जो कार्य जिस समय अवधि में पूर्ण करने के आदेश मिले हैं, उसे उसी समय में पूरा करना पड़ेगा। अन्यथा उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
उधर, लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता मीत कुमार ने बताया कि निर्माण कार्य लटकाने वाले ठेकेदारों को चेतावनी जारी की गई है। यदि कोई ठेकेदार निर्माण कार्य में लेटलतीफी करता है तो उसे जुर्माना लगाया जाएगा।