चंबा। मनोहर हत्याकांड को लेकर कांग्रेस सरकार राजनीति कर रही है। यही कारण है इनके मंत्री शिमला में बैठकर भाजपा पर राजनीति करने संबंधी बयानबाजी कर रहे हैं। चंबा-कांगड़ा संसदीय क्षेत्र के सह प्रभारी राजीव भारद्वाज ने जिला मुख्यालय चंबा में प्रेसवार्ता के दौरान यह बात कही। उन्होंने बिना नाम लिए प्रदेश के कृषि मंत्री पर निशाना साधते हुए कहा कि हत्याकांड के अगले दिन वह चंबा पहुंचे। यदि वह मृतक के घर पहुंच कर परिजनों को ढांढस बंधवाते तो और बात होती लेकिन यहां से शिमला लौटने के बाद अब वह शिमला से बयानबाजी कर रहे हैं।
उन्होंने हैरानी जताते हुए कहा कि नेता प्रतिपक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के पीड़ित के घर जाने के निर्णय लेने के बाद देरशाम प्रभावित क्षेत्र में धारा 144 लागू कर दी गई। अब इसके बारे में शासन-प्रशासन ही साफ कर सकता है कि आखिर नेता प्रतिपक्ष को प्रभावित क्षेत्र में क्यों नहीं जाने दिया गया। कहा कि भाजपा ने पहले ही साफ किया है कि कुछ लोग शरारती तत्व हो सकते हैं। लेकिन पूरे समुदाय पर ही उंगली उठाना गलत बात है। कहा कि नियमानुसार मुख्यमंत्री यदि मामले की जांच के लिए केंद्र सरकार से मांग उठाएं तो मनोहर हत्याकांड की एनआईए जांच हो सकती है। कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री को प्रभावित के घर जाने से रोक दिया गया। इसके बाद भाजपा की ओर से शांतिपूर्ण तरीके से शनिवार को अपनी मांग उठाई गई। इस पर कोई कार्यवाही न होने पर पार्टी शीर्ष नेतृत्व के आदेशानुसार पुनः शांतिपूर्ण आंदोलन किया जाएगा। इस मौके पर अमित ठाकुर, विधायक डीएस ठाकुर, हंसराज, पूर्व विधायक पवन नैयर, भाजपा जिलाध्यक्ष जसबीर नागपाल आदि मौजूद रहे।