बैरेवाली माता पर टिप्पणी करना पड़ा महंगा, थाने में मांगी माफी
कारदारों और बजरंग दल ने की थी यू-ट्यूबर की शिकायत
संवाद न्यूज एजेंसी
चंबा। सोशल मीडिया पर बैरेवाली माता पर टिप्पणी करना यू-ट्यूबर को उस समय महंगा पड़ गया, जब उसके खिलाफ माता के कारदारों और बजरंग दल के सदस्यों ने पुलिस थाना में शिकायत दर्ज करवा दी। शिकायत दर्ज होने के बाद पुलिस ने यू-ट्यूबर को पूछताछ के लिए थाने में तलब किया। यहां पर उसने लिखित में अपनी टिप्पणी को लेकर माफी मांगी। साथ ही स्वीकारा कि उसका मानसिक संतुलन ठीक नहीं था। इसके चलते उसने बैरेवाली माता पर टिप्पणी कर दी। हालांकि, उसकी इस तरह की टिप्पणी करने को लेकर कोई मंशा नहीं थी। पुलिस के सामने उसने यह भी लिखित में दिया कि दोबारा यदि वह इस प्रकार की टिप्पणी यू-ट्यूब पर करता है तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई अमल में लाई जाए। उसकी लिखित माफी के बाद कारदारों और बजरंग दल के सदस्यों ने अपनी शिकायत वापस ली। हालांकि, उसकी टिप्पणी को लेकर जिलेभर में विरोध हो रहा था क्योंकि बैरेवाली माता के साथ जिले के लोगों की आस्था जुड़ी हुई है। यू-ट्यूबर ने मात्र अपने फॉलोवर बढ़ाने के लिए लोगों की आस्था के साथ खिलवाड़ करने का प्रयास किया। पुलिस अधीक्षक अभिषेक यादव ने बताया कि यू-ट्यूबर ने अपनी गलती स्वीकार करते हुए माफी मांग ली है।