चंबा। नगर परिषद चंबा के तहत सुराड़ा वार्ड में गली-मोहल्ले तो चकाचक हैं, लेकिन चामुंडा मंदिर की पहाड़ी के नीचे कूड़े के ढेर लगाए जा रहे हैं।
इससे वार्ड की सुंदरता पर ग्रहण लग रहा है। लोगों ने कहा कि सफाई कर्मचारी घरों से कूड़ा तो ले जाते हैं, मगर इसे सही ढंग से निष्पादित नहीं किया जा रहा है। जब तक कूड़े का सही निष्पादन नहीं होगा, तब तक वार्ड गंदगी मुक्त नहीं हो सकता। मुख्य मार्ग पर भी गंदगी बिखरी रहती है। नगर परिषद को यहां-वहां कूड़ा फेंकने वालों के खिलाफ उचित कार्रवाई करनी चाहिए। बताया कि कई बार ठेकेदार कूड़े की गाड़ी को जुम्हार मार्ग पर खाली कर देते हैं। स्थानीय लोगों ने गाड़ी चालक को ऐसे करते पकड़ा है।
वार्ड में सफाई के बाद कई बार ठेकेदार ने कूड़ा पहाड़ी के समीप फेंकने की कोशिश की है। लोगों ने चालक को पकड़ लिया। इसके बाद अब ठेकेदार यहां कूड़ा नहीं फेंक रहा है। - मनजीत जसरोटिया
वार्ड के गली-मोहल्लों में सफाई व्यवस्था बेहतर है। कूड़े के ढेर नजर नहीं आते हैं, मगर चामुंडा मंदिर के समीप लगती पहाड़ी से कूड़ा फेंका जा रहा है। ऐसा करना सरासर गलत है। -उमेश सेठी
वार्ड को साफ-सुथरा रखने के लिए लोग भरपूर सहयोग कर रहे हैं। कूड़े का सही निष्पादन न होना बड़ी समस्या है। नगर परिषद को इस बारे में ध्यान देना चाहिए।
- भूपेंद्र जरयाल
नगर परिषद ने डोर-टू-डोर अभियान चलाया है। इससे शहर में सफाई व्यवस्था मजबूत हुई है। कूड़े का निष्पादन सही ढंग से नहीं हो रहा है। इस बारे में व्यवस्था बनानी चाहिए।
- सुरिंद्र जसरोटिया
सफाई ठेकेदार अविनाश ने कहा कि वार्ड को साफ-सुथरा रखने के लिए व्यापक प्रयास किए जा रहे हैं। कूड़े का सही निष्पादन करने के लिए नगर परिषद चंबा से बात की जाएगी।
नगर परिषद चंबा के कार्यकारी अधिकारी संदीप कुमार ने कहा कि संबंधित ठेकेदार को जरूरी दिशा-निर्देश दिए जाएंगे और पहाड़ी के समीप सफाई करवाई जाएगी।