चंबा। शहर की तीन हजार स्ट्रीट लाइटों की देखरेख नगर परिषद अपने स्तर पर करवाएगी। इसके लिए बाकायदा नगर परिषद ने आउटसोर्स पर तीन कर्मचारियों को रखा है। आउटसोर्स कर्मचारी एक दिन में एक वार्ड में खराब स्ट्रीट लाइटों की मरम्मत करेगें जिससे स्ट्रीट लाइटें बंद होने से लोगों को अंधेरे में ठोकरें न खानी पड़ें।
जानकारी के मुताबिक नगर परिषद ने ईएसएसएल कंपनी के साथ स्ट्रीट लाइटों की देखभाल के लिए सात वर्ष का टेंडर किया था। इसके लिए कंपनी की और से दो कर्मचारी तैनात किए गए थे लेकिन कंपनी की ओर से किए गए टेंडर की अवधि समाप्त होने और पुन: टेंडर प्रक्रिया न होने की सूरत में अब नगर परिषद ने अपने स्तर पर ही शहर की स्ट्रीट लाइटों का कार्य करवाने का निर्णय किया है। इसके लिए नप ने तीन कर्मी आउटसोर्स पर स्ट्रीट लाइटों की देखभाल के लिए तैनात किए हैं। नगर परिषद अध्यक्ष नीलम नैयर ने बताया कि शिकायत आने पर आउटसोर्स कर्मचारी उक्त स्थान पर स्ट्रीट लाइटों की मरम्मत करेगें। कंपनी के साथ दोबारा टेंडर न होने तक नप ही स्ट्रीट लाइटों का कार्य अपने स्तर पर करवाएगी। कहा कि खराब पड़ी हाइमास्क लाइटों की भी जल्द मरम्मत करवाई जाएगी।