साहो (चंबा)। ऐतिहासिक चंद्रशेखर मंदिर साहो में मंगलवार को छोटा जातर मेले का आयोजन हुआ। मंदिर कमेटी के अध्यक्ष अदीप चौणा ने मुख्य अतिथि सेवानिवृत्त चिकित्सक देवेंद्र कुमार को बैज लगाकर और चंद्रशेखर मंदिर की तस्वीर देकर सम्मानित किया। इसके बाद मंदिर परिसर में सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। सांस्कृतिक कार्यक्रम में हिमाचली लोकगायक दीपक जरयाल ने शिव वंदना के साथ कार्यक्रम का आगाज किया। उन्होंने एक के बाद एक भजनों की झड़ी लगाकर उपस्थित लोगाें को मंत्रमुग्ध किया। इसके बाद हिमाचली लोकगायक दुनी चंद राठौर ने मेरा भोला ही भंडारी जटा धारी अमली..., शिव शंकरा मेरे भोले नाथ...समेत एक के बाद एक शिव भजनों से माहौल को भक्तिरस में डुबो दिया। अदीप चौणा ने बताया कि बुधवार को मंदिर परिसर में बड़ी जातर का आयोजन होगा। इसमें साहो, पल्यूर, सराहण, भाला, अठलुई, परौथा समेत मुख्यालय से भी सैकड़ों की संख्या में लोग शिव मंदिर में माथा टेकने पहुंचेंगे। इस दौरान सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन किया जाएगा।