बनीखेत (चंबा)। पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय बनीखेत में कक्षा बालवाटिका-3 और कक्षा-प्रथम के बच्चों का पहली बार विद्यालय में पधारने पर स्वागत समारोह का आयोजन किया। बच्चों और अभिभावकों का तिलक लगाकर स्कूल में प्रवेश करवाया गया। प्राथमिक कक्षा के बच्चों और संगीत शिक्षिका सुषमा ने स्वागत गीत प्रस्तुत किया। स्कूल के कार्यवाहक प्राचार्य कृष्ण कुमार ने सभी बच्चों और अभिभावकों का विद्यालय में पधारने पर अभिनंदन किया। उन्होंने अपने संबोधन में केंद्रीय विद्यालय संगठन और विद्यालय के बारे में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि आज से बच्चों की वास्तविक शिक्षा की जो शुरुआत हो रही है, वह बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए अहम है। मुख्याध्यापक उमेश कुमार ने अभिभावकों को विद्यालय के अनुशासन और शिक्षा के अधिकार अधिनियम के बारे में बताया। शिक्षा के अधिकार अधिनियम के तहत प्रवेश लेने वाले बच्चों को पीएम श्री योजना के तहत पुस्तकें भेंट कीं। कार्यक्रम में शैलजा कालिया और शालिनी ने मंच का संचालन किया। इस मौके पर सुनील कुमार, नितिन सागर और शोभा वर्मा मौजूद रहे।