चंबा। सोशल मीडिया के जरिये ब्लैक मेलिंग का ट्रेंड चल रहा है, जिससे युवा पीढ़ी का भविष्य दांव पर लग रहा है। मंगलवार को जडेरा विद्यालय में चाइल्ड लाइन चंबा के जागरूकता कार्यक्रम में बच्चों को सोशल मीडिया के लाभ और हानि के बारे में बताया गया।
इसके साथ बाल तस्करी, नशे की बुराई और सोशल-मीडिया के इस्तेमाल के संबंध में भी चर्चा की गई। चाइल्ड हेल्पलाइन चंबा ने राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला जडेरा के बच्चों, अध्यापकों और स्टाफ के लिए विशेष जागरूकता कार्यक्रम करवाया। इसमें बच्चों और अध्यापकों ने सक्रिय रूप से भाग लिया।
चाइल्ड हेल्पलाइन परियोजना के समन्वयक कपिल शर्मा और केस वर्कर लविंदर कुमार ने टोल फ्री नंबर 1098 की जानकारी दी। मुफ्त चाइल्ड हेल्पलाइन फोन सेवा 1098 से अनाथ अर्ध-अनाथ, स्कूल छोड़ चुके, घर से भागे, मानसिक और शारीरिक शारीरिक रूप से अक्षम, शोषित, अति निर्धन, बाल विवाह , बाल-मजदूरी, छेड़छाड़ से पीड़ित व अन्य किसी भी कारण से शोषित बच्चों को दी जाने वाली सेवाओं के बारे में बताया। पोक्सो अधिनियम के बारे में भी जागरूक किया गया।
चाइल्ड हेल्पलाइन कर्मियों ने सुरक्षित और असुरक्षित स्पर्श का अंतर समझाया। अनजान लोगों से सोशल मीडिया आदि प्लेटफार्म से दूर रहने की सलाह दी। अनुशासन, नैतिक शिक्षा और खान-पान एवं स्वास्थ्य से जुड़ीं बहुमूल्य जानकारियां भी साझा की गईं। इसमें लगभग 250 बच्चों, अध्यापकों समेत नाॅन टीचिंग स्टाफ ने सक्रिय रूप से भाग लिया। चाइल्ड हेल्पलाइन चंबा के परियोजना समन्वयक कपिल शर्मा ने यह जानकारी दी।