चुवाड़ी (चंबा)। चुवाड़ी स्थित कलम खड्ड में दोस्तों के साथ नहाने उतरा 14 वर्षीय बालक पानी के तेज प्रवाह में बह गया। बालक की पहचान कृष ठाकुर पुत्र रंजीत ठाकुर गांव दियोली डाकघर सदवां तहसील नूरपुर जिला कांगड़ा के रूप में हुई है। बालक के खड्ड में बहने की सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची अग्निशमन और पुलिस विभाग की टीमों ने ग्रामीणों के साथ मिलकर युवक को तलाशने का क्रम आरंभ कर दिया। मंगलवार देररात सफलता न मिलने पर बुधवार को एक बार फिर सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया लेकिन, टीम को सफलता नहीं मिल पाई। अब लापता युवक की तलाश के लिए जिला मुख्यालय चंबा से ड्रोन मंगवाया गया है।
बताया जा रहा है कि चुवाड़ी स्थित शनिदेव मंदिर के पास मैदान में खेलने के लिए मंगलवार दोपहर बाद कृष अपने दोस्तों के साथ पहुंचा। देर शाम खेलते-खेलते थकने पर वह दोस्तों के साथ कलम खड्ड में नहाने के लिए उतर गया। उसके दोस्तों ने उसे बहता देख जोर-जोर से चिल्लाना आरंभ किया। आवाजें सुनकर ग्रामीण मौके पर एकत्रित हो गए। इस दौरान पुलिस और भटियात प्रशासन को भी घटना की सूचना दी गई। सूचना मिलते ही एसडीएम भटियात पारस अग्रवाल, तहसीलदार सुमन धीमान और चुवाड़ी थाना प्रभारी घटनास्थल पर पहुंच गए। बता दें कि एक वर्ष पहले ही बालक के पिता की मौत हो चुकी है। कृष अपनी मां और बहन के साथ चुवाड़ी के वार्ड नंबर-2 भलाड़ा में रहता है। उपमंडलाधिकारी नागरिक पारस अग्रवाल ने बताया कि कलम खड्ड में बहे बालक का कोई सुराग नहीं लग पाया है। अब ड्रोन के जरिये लापता बालक को तलाशा जाएगा।