तेलका (चंबा)। सलूणी उपमंडल की बाड़का पंचायत के गांवों में हर घर योजना के नाम पर लोगों से छल हो गया है। कागजों में नल लगाए गए हैं, जबकि हकीकत में लोगों को प्राकृतिक जलस्रोत से पानी ढोकर प्यास बुझानी पड़ रही है।
भेड़ोई, सेरु, बरोला और गडेण गांवों के 100 परिवारों ने योजना के तहत सौ-सौ रुपये तो जमा करवाए हैं, लेकिन नल नहीं लग पाए हैं। ग्रामीणों ने कहा कि उन्होंने जलशक्ति विभाग से बार-बार नल लगाने की मांग उठाई, लेकिन कोई कदम नहीं उठाया गया। थक-हार कर लोगों ने खुद ही चंदा एकत्रित कर 500 मीटर दूर प्राकृतिक जलस्रोत से पेयजल लाइन बिछाकर आईना दिखाया है। उधर, विभाग के अधिकारी ने दावा किया है कि संबंधित ठेकेदार को दो बार नोटिस जारी किया जा चुका है। अब तीसरी और आखिरी बार नोटिस जारी किया गया है। अगर इसके बाद भी संबंधित ठेकेदार लोगों के घरों में नल नहीं लगाता है तो उसे ब्लैकलिस्ट कर नए सिरे से काम आवंटित किया जाएगा।
-
बाड़का पंचायत में हर घर नल योजना की अजब-गजब कहानी है। भेड़ोई, सेरु, बरोला, गडेण गांवों के 100 घरों में जब नल ही नहीं लगे हैं तो भला पानी की आपूर्ति कैसे होगी। - दिनेश कुमार
लोगों ने पेयजल कनेक्शन के लिए 100-100 रुपये भी दिए हैं, लेकिन आज तक नल नहीं लगे हैं। अब ग्रामीणों ने चंदा एकत्रित कर अपने स्तर पर पेयजल लाइन बिछाई है। - रमेश कुमार
बाड़का पंचायत के गांवों में भीषण गर्मी में ग्रामीणों और मवेशियों के पीने के लिए पानी नहीं मिल रहा है। ग्रामीण 500 मीटर दूर स्थित प्राकृतिक जलस्रोत से पानी ढोकर ला रहे हैं। - नीटू
हर घर जल योजना का लाभ ग्रामीणों को नहीं मिल पाया है। इस कारण मुसीबतें बढ़ गई हैं। कई बार समस्या बारे विभाग को अवगत करवाया गया, लेकिन समस्या का निदान नहीं हो पाया है। - भगत राम
जलशक्ति विभाग के सहायक अभियंता मनोहर शर्मा ने कहा जिस ठेकेदार को टेंडर दिया गया है, उसने काम शुरू नहीं किया है। विभाग ने ठेकेदार को नोटिस भी जारी किए, लेकिन काम शुरू नहीं हो पाया। अब अंतिम नोटिस जारी किया गया है। यदि फिर भी नल लगाने का काम शुरू नहीं होता है है तो ठेकेदार को ब्लैक लिस्ट कर अन्य ठेकेदार को कार्य आवंटित किया जाएगा।