चंबा से राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए ऊना रवाना होने से पहले फुटबॉल टीम।संवाद
चंबा। राज्य स्तरीय फुटबाल प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए जिला चंबा के अंडर-19 वर्ग के 18 स्कूली खिलाड़ी शुक्रवार को रवाना हुए। प्रतियोगिता 27 से 29 सितंबर तक ऊना में आयोजित होगी। सहायक उच्च शारीरिक शिक्षा अधिकारी योगेश चौणा ने बताया कि खिलाड़ियों का चयन जिलास्तरीय ट्रायल के आधार पर किया। प्रतियोगिता में बेहतरीन प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ी 10 अक्तूबर को जम्मू-कश्मीर में आयोजित राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए चुने जाएंगे। प्रतियोगिता से पहले चंबा चौगान में पांच दिवसीय विशेष प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया गया, जिसमें खिलाड़ियों की खेल प्रतिभा को निखारा और खेल की बारीकियों से अवगत करवाया। योगेश चौणा ने उम्मीद जताई कि खिलाड़ी राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर जिला चंबा का नाम रोशन करेंगे।