जिला क्रिकेट संघ और खिलाड़ियों ने स्वच्छता अभियान चलाकर की सफाई
संवाद न्यूज एजेंसी
चंबा। जिला मुख्यालय स्थित ऐतिहासिक चौगान में गत सप्ताह शनिवार और रविवार को स्थापित टाटा आईपीएल फैन पार्क में हजारों दर्शकों ने मैचों का लुत्फ उठाया।
अब फैन पार्क हटने के बाद चौगान को चकाचक करते हुए अपने पुराने स्वरूप में लौटा दिया गया है। जिला क्रिकेट संघ चंबा ने मैदान की गरिमा और स्वच्छता को बहाल करने के लिए एक व्यापक स्वच्छता अभियान चलाया। इस अभियान में जिला क्रिकेट संघ के पदाधिकारियों के साथ-साथ प्रयास संस्था, नाॅट आन मैप, स्वयं सहायता समूहों और स्थानीय युवा खिलाड़ियों ने कार्य किया। साथ ही यह संदेश दिया कि खेल भावना केवल मैदान के भीतर प्रतिस्पर्धी होने तक सीमित नहीं है, बल्कि अपने परिवेश और पर्यावरण के प्रति सजग रहना भी इसका अनिवार्य हिस्सा है। जिला क्रिकेट संघ चंबा के पदाधिकारियों कुलदीप, विनोद, हरमीत, गौरव और अमित ने बताया कि चंबा में गत सप्ताह शनिवार और रविवार को आयोजित दो दिवसीय आईपीएल फैन पार्क में रिकार्ड तोड़ भीड़ उमड़ी थी। करीब 46 हजार क्रिकेट प्रेमियों ने दो दिनों तक बड़ी स्क्रीन पर मैच स्टेडियम की तरह लुत्फ उठाया। जिला क्रिकेट संघ ने सहयोग के लिए जिला प्रशासन, खिलाड़ियों, स्वयं सहायता समूहों, गणमान्य व्यक्तियों सहित चंबा के लोगों का आभार व्यक्त किया।