चंबा। शहर में रविवार को धार्मिक आस्था, श्रद्धा और उत्साह का अद्भुत संगम देखने को मिला। श्री हरि भक्ति महा सम्मेलन के शुभारंभ अवसर पर निकाली गई भव्य कलश यात्रा में बड़ी संख्या में महिलाओं, युवतियों और श्रद्धालुओं ने भाग लिया। सिर पर कलश धारण किए श्रद्धालु भक्ति गीतों और जयकारों के साथ नगर के प्रमुख मार्गों से होकर गुजरे, जिससे पूरा शहर भक्तिमय वातावरण में रंग गया। यात्रा के मार्ग में विभिन्न स्थानों पर सामाजिक संगठनों, व्यापार मंडल और स्थानीय लोगों ने पुष्पवर्षा कर श्रद्धालुओं का स्वागत किया। जगह-जगह श्रद्धालुओं के लिए जलपान और पेयजल की व्यवस्था भी की गई। आयोजकों ने बताया कि श्री हरि भक्ति महा सम्मेलन के दौरान आगामी दिनों में प्रवचन, भजन-कीर्तन और विभिन्न धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। संवाद