चंबा। बर्फबारी से प्रभावित इलाकों में बंद पड़े स्वास्थ्य उपकेंद्रों की कमी ग्रामीणों को खल सकती है। ग्रामीण क्षेत्र बर्फबारी के कारण यातायात से जिला मुख्यालय से कट चुके हैं।
ऐसे में स्वास्थ्य सेवा का लाभ उठाने के लिए ग्रामीणों के लिए मेडिकल कॉलेज तक पहुंचना मुश्किल है। यदि स्वास्थ्य उपकेंद्र नियमित तौर पर खुले रहते तो ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को हल्की बीमारी के इलाज की दवाई लेने के लिए चिंता करने की जरूरत नहीं पड़ती। मौजूदा समय में जिले के करीब 50 स्वास्थ्य उपकेंद्रों में ड्यूटी देने के लिए विभाग के पास स्वास्थ्य कार्यकर्ता नहीं हैं। इसके चलते स्वास्थ्य उपकेंद्र बंद रहते हैं।
स्वास्थ्य उपकेंद्र में बच्चों और गर्भवती महिलाओं के टीकाकरण के साथ ही 42 प्रकार की दवाइयां रखने का प्रावधान है, लेकिन स्वास्थ्य उपकेंद्र बंद होने से स्थानीय लोगों को स्वास्थ्य सेवा नहीं मिल पा रही है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉक्टर कपिल शर्मा ने बताया कि स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं के रिक्त पदों के बारे में सरकार को अवगत करवा दिया गया है।