चंबा। उपमंडल चुराह की ग्राम पंचायत चरड़ा के गांव गभीणी में 15 दिन से पेयजल आपूर्ति ठप है। ग्रामीणों का कहना है कि जल शक्ति विभाग को बार-बार शिकायत देने के बावजूद अब तक कोई समाधान नहीं निकाला गया है। लोग कई किलोमीटर दूर से पानी ढोकर ला रहे हैं। ग्रामीण अजय कुमार, सुनील कुमार, रमेश कुमार, किरपा राम, निधिया राम और राजीव कुमार ने बताया कि एक तो गांव में भूस्खलन का खतरा मंडरा रहा है। दूसरी ओर पेयजल की किल्लत ने उनकी परेशानी और बढ़ा दी है। गांववासियों ने प्रशासन और विभाग से जल्द से जल्द पेयजल आपूर्ति बहाल करने और भूस्खलन की आशंका वाले क्षेत्रों में सुरक्षा उपाय करने की गुहार लगाई है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समस्या का जल्द समाधान नहीं किया गया तो वे मजबूरन उग्र आंदोलन का रास्ता अपनाने को बाध्य होंगे।