भरमौर (चंबा)। ग्राम पंचायत पूलन में प्रशासनिक अधिकारियों ने मौके पर बिजली, सड़क और पानी की समस्याओं का निदान किया। प्रशासन गांव की ओर अभियान के तहत आयोजित कार्यक्रम की अध्यक्षता उपमंडल अधिकारी भरमौर असीम सूद ने की।
उन्होंने कहा कि भारत सरकार के दिशा-निर्देशों के अनुरूप सुशासन सप्ताह मनाया जा रहा है। इसमें प्रशासन गांव की ओर कार्यक्रम के अंतर्गत विभिन्न स्थानों पर शिविर लगाए जा रहे हैं। गांव-गांव जाकर लोगों की समस्याओं का समाधान किया जा रहा है। ग्राम पंचायत पूलन में आयोजित कार्यक्रम में सुपा, पालन, पूलन मैत्र, बगडू, सिरडी और ठठान के निवासियों ने भाग लिया। कुल 23 शिकायत पत्र प्राप्त हुए जिनमें से अधिकांश का मौके पर निपटारा किया गया। एसडीएम ने अधिकारियों को लोगों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए समयबद्ध हल करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि ज्यादातर समस्याएं सड़क, पानी, बिजली से संबंधित थीं। इनका मौके पर समाधान किया गया। कुछ समस्याओं को हल करने के लिए अधिकारियों को निर्देश दिए। असीम सूद ने लोगों से अधिक से अधिक संख्या में भाग लेकर सेवाओं का लाभ उठाने का आग्रह किया।
उन्होंने कहा कि अभियान में ग्रामीण और दूरदराज के क्षेत्रवासियों को उनके घरद्वार पर सुविधाएं मुहैया करवाई जा रही हैं। इस अवसर पर तहसीलदार राकेश कुमार, कार्यवाहक खंड विकास अधिकारी गोपाल सिंह, पूलन पंचायत उपप्रधान सुनील कुमार, बीडीसी शकुंतला देवी आदि मौजूद रहे। संवाद