भूस्खलन से वाहनों के लिए बंद पड़ा चंबा-खज्जियार मार्ग। संवाद
- फोटो : Chamba
खज्जियार (चंबा)। चंबा-खज्जियार मार्ग पर 14 घंटे तक वाहनों की आवाजाही ठप रही। मंगलवार देर रात करीब 12:00 बजे मियाड़ी गला के पास भूस्खलन होने से पहाड़ी दरक गई। इससे टनों के हिसाब से मलबा सड़क पर गिर गया। इसके साथ ही दर्जनों देवदार के पेड़ भी धराशायी हो गए।
गनीमत यह रही कि जब भूस्खलन हुआ, उस समय वहां से कोई वाहन या राहगीर नहीं गुजर रहा था अन्यथा जानमाल का भी नुकसान हो सकता था। बुधवार को सुबह लोक निर्माण विभाग को मार्ग बंद होने की सूचना मिली। उसके तुरंत बाद वहां मार्ग बहाल करने के लिए मशीनरी भेज दी गई। दोपहर बाद 2:00 बजे मार्ग को यातायात के लिए बहाल कर दिया गया। इसके बाद ही सैलानी खज्जियार से वाया जोत होकर निकल पाए। लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता जीत सिंह ठाकुर ने बताया कि मियाड़ी गला के पास भूस्खलन से बंद मार्ग को बहाल कर दिया गया है।