चंबा। जम्मू क्षेत्र में हुए आतंकी हमले के बाद सुरक्षा कारणों से अस्थायी रूप से बंद की गई चंबा-डोडा बस सेवा को एक बार फिर से शुरू कर दिया गया है। इस सेवा के बहाल होने से मणिमहेश यात्रा पर आ रहे श्रद्धालुओं और आम यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी। एचआरटीसी की 42 सीटों वाली यह बस अब रोजाना सुबह 6:30 बजे चंबा से रवाना होगी। वहीं, डोडा से सुबह 8:00 बजे निकलेगी। वीरवार से बस रूट पर दौड़ना शुरू हो गई है। यात्रा के लिए एकतरफा किराया 200 रुपये निर्धारित किया है। यह बस सेवा चंबा से होकर पडल, भद्रवाह और डोडा तक जाएगी, जिससे सीमावर्ती क्षेत्रों में यातायात सुविधा बेहतर होगी और यात्रियों की आवाजाही सुगम हो सकेगी। परिवहन विभाग ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा के दौरान आवश्यक पहचान पत्र साथ रखें और सुरक्षा नियमों का पालन करें। विशेषकर मणिमहेश यात्रियों के लिए यह सेवा बहुत लाभदायक सिद्ध होगी, क्योंकि डोडा क्षेत्र से भरमौर की ओर यात्रा करने वालों को अब बार-बार गाड़ियों के बदलने की जरूरत नहीं पड़ेगी। उधर, एचआरटीसी के डीडीएम शूगल सिंह ने बताया कि श्रद्धालुओं की सुविधा के चलते बस सेवा शुरू की है।