चंबा में राख के पास भूस्खलन से बंद पड़ा भरमौर-पठानकोट एनएच।संवाद
चंबा। चंबा-भरमौर राष्ट्रीय उच्च मार्ग पर बकाणी के पास पहाड़ी दरकने से दो घंटे तक यातायात के लिए अवरुद्ध रहा। सड़क पर टनों के हिसाब से मिट्टी आ गई।
इसके चलते सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी लाइनें लग गईं, जबकि रविवार की छुट्टी होने की वजह से ज्यादा लोग इस मार्ग बंद होने की वजह से परेशान नहीं हुए, क्योंकि रविवार को बहुत कम लोग यात्रा करते हैं। ऐसे में बसों में भी यात्री कम ही देखने को मिलते हैं। जब तक मार्ग बाधित रहा, तब तक वहां पर कोई बस भी यात्री को लेकर नहीं पहुंची। रविवार को शाम 5:00 बजे अचानक पहाड़ी दरकने से मार्ग अवरूद्ध हो गया। एनएच प्राधिकरण ने मार्ग बाधित होने की सूचना पाते ही दो जेसीबी मशीनें भेजकर मार्ग बहाली का कार्य आरंभ करवा दिया। दो घंटे तक मशीनें सड़क पर गिरी मिट्टी को हटाने में डटी रहीं। इस दौरान एनएच के अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए। दो घंटे के उपरांत एनएच को वाहनों की आवाजाही के लिए बहाल कर दिया गया। सूखे मौसम में अचानक पहाड़ी दरकने से लोग काफी डर गए। बरसात का मौसम अभी आने वाला है। ऐसे में यदि सूखे मौसम में भूस्खलन हो रहा है तो बरसात के मौसम में हालात काफी खराब भी हो सकते हैं। फिलहाल, एनएच पर वाहनों की आवाजाही सुचारू हो चुकी है। एनएच के अधिशासी अभियंता राजीव कुमार ने बताया कि एनएच बंद होने पर उसे तुरंत बहाल करवाने के लिए दो मशीनें लगा दी गई। कुछ देर बाद एनएच को यातायात के लिए बहाल कर दिया गया।