चंबा में मुगला के पास एनएच किनारे फेंकी गई गृह निर्माण संबंधी सामग्री।संवाद
चंबा। चंबा-भरमौर हाईवे पर मुगला बाजार के समीप गृह निर्माण सामग्री का ढेर लगता जा रहा है। रात के अंधेरे में लोग सड़क पर गृह निर्माण सामग्री फेंक रहे हैं। इस कारण सड़क सिकुड़ रही है। इससे हादसे का भी अंदेशा बना रहता है।
नेशनल हाईवे प्राधिकरण की ओर से नियमित तौर पर निगरानी नहीं की जा रही है। ऐसे में लोग सड़क के किनारे गृह निर्माण सामग्री फेंक रहे हैं। वाहन चालकों में बबलू कुमार, राकेश कुमार, सुरेंद्र सिंह, काका राम, अरुण कुमार और सुनील कुमार ने कहा कि करीब दो साल पहले हाईवे को चौड़ा किया गया था, जिससे वाहनों की आवाजाही सुगम हो सके, मगर गृह निर्माण सामग्री के ढेर लगे होने से सड़क संकीर्ण हो रही है। इससे कई बार हादसों की संभावना बन रही है। उन्होंने एनएच प्राधिकरण से मांग की है कि हाईवे के किनारे गृह निर्माण सामग्री फेंकने वालों पर नियमानुसार कार्रवाई की जाए।
गौरतलब है कि यहां जल शक्ति विभाग का वॉल्ब भी है। यहां से पूरे मोहल्ले की पानी की आपूर्ति भी होती है। कई बार ईंटों और पत्थरों से यह वॉल्ब भर जाता है। ऐसे में मोहल्ले में पानी की किल्लत भी रहती है। नेशनल हाईवे प्राधिकरण के अधिशाषी अभियंता राजीव कुमार ने बताया कि यह मामला ध्यान में लाया गया है। कहा कि जल्द ही सख्त कार्रवाई की जाएगी।