भरमौर (चंबा)। मणिमहेश यात्रा के दौरान बिना परमिट और ओवरलोडिंग करने वाले टैक्सी चालकों पर परिवहन विभाग ने शिकंजा कस दिया है।
क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी और उनकी टीम ने भरमौर में जाकर सभी टैक्सियों के परमिट सहित अन्य जरूरी कागजातों की जांच की। टैक्सी चालकों के लाइसेंस की भी जांच की गई। करीब आधा दर्जन टैक्सियां बिना परमिट चल रही थीं। विभाग की टीम ने इनके चालान काटे। सुबह से शाम तक परिवहन विभाग की टीम भरमौर में डटी रही। इस दौरान सैकड़ों वाहनों की जांच की गई।
जांच में करीब 92 वाहनों के चालान काटे गए। इन वाहन मालिकों से अभी तक विभाग ने जुर्माना वसूल नहीं किया है। वाहन मालिक विभाग के कार्यालय में जाकर चालान भुगतने के लिए पहुंचते हैं तो उन्हें वहां जुर्माना वसूला जाएगा। अन्यथा, विभाग काटे गए सभी चालान अदालत में पेश कर देगा। यहां अदालत चालान के बदले में जुर्माना लगाएगी।
मणिमहेश यात्रा के दौरान टैक्सियों में ओवरलोडिंग काफी बढ़ गई थी। इसको लेकर लोग पुलिस और परिवहन विभाग के पास शिकायतें भी कर रहे थे। कुछ दिन पहले भरमाणी माता मार्ग पर जो टैक्सी दुर्घटना हुई, उसमें तीन श्रद्धालुओं की मौत हुई थी। इसमें भी क्षमता से अधिक सवारियां बैठाई गई थीं। इसके चलते परिवहन विभाग ने भरमौर में यह कार्रवाई की। उधर, क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी राम प्रकाश ने बताया कि ट्रैफिक नियमों की धज्जियां उड़ाने वाले वाहन चालकों के खिलाफ भरमौर में कार्रवाई की गई है।
-