चंबा। जिले के 60 पटवार और कानूनगो वृत्तों में शुक्रवार को ताले लटके रहे। इससे राजस्व संबंधी कार्यों जैसे निशानदेही, तकसीम, ऑनलाइन प्रमाण पत्र जैसे हिमाचली, आय प्रमाण पत्र, कृषि पंजीकरण संबंधी कार्य करवाने आने वाले लोगों को निराश होकर लौटना पड़ा।
निराश होकर लोग सरकार से पटवारियों-कानूनगो की मांगों को पूरा करने की पैरवी करते नजर आए। बता दें कि पटवारी-कानूनगो महासंघ स्टेट कैडर का विरोध कर रहा है। बीते वीरवार को अतिरिक्त पटवार सर्किलों का कार्यभार देख रहे पटवारियों और कानूनगो ने तहसीलदार, नायब तहसीलदारों को संबंधित पटवार वृत्तों की चाबियां सौंप दी हैं।
संयुक्त पटवारी एवं कानूनगो महासंघ तहसील चुराह के अध्यक्ष प्रमोद कुमार और सचिव प्रेम लाल, मीडिया प्रभारी सुनील देवल ने बताया कि महासंघ की राज्यस्तरीय बैठक 17 जुलाई को कुल्लू में हुई थी। इसमें निर्णय लिया गया कि सरकार ने पटवारी और कानूनगो का जिला से बदलकर स्टेट कैडर कर दिया है। तबादला नीति वाले निर्णय न बदलने के विरोध में अतिरिक्त कार्यभार वाले सर्किलों की चाबियां तहसीलदारों को सौंप दी थीं।