खज्जियार (चंबा)। साच-पंजियारा मार्ग पर नाले में सीमेंट का पाइप (स्कपर) डालने की मांग को लोक निर्माण विभाग पांच महीनों में पूरा नहीं कर पाया है। बारिश होने पर गांववासियों के लिए सड़क पर आवाजाही करना मुश्किल हो जाता है। नाले का पानी सड़क पर बहने लगता है। स्थानीय निवासी सुनील कुमार, प्यार सिंह, सूरज, मान सिंह, हंसराज, केवल और सोभिया राम ने बताया कि आपदा के दौरान दो महीने तक लोग इस सड़क से आवाजाही नहीं कर पाए। कुछ माह पहले ही यह मार्ग आवाजाही के लिए बहाल हो पाया। आगामी दिनों में मौसम विभाग ने भारी बारिश व बर्फबारी की चेतावनी दी गई है। ऐसे में यदि बारिश होती है तो पंजियारा गांव के लोगों के लिए फिर से मुसीबत पैदा हो जाएगी। उन्होंने प्रशासन और विभाग से मांग की है कि बारिश होने से पहले यहां स्कपर डालने की व्यवस्था की जाए। उधर, विभाग के अधिशासी अभियंता जोगिंद्र कुमार ने बताया कि जल्द ही समस्या का समाधान किया जाएगा।