चंबा। पंडित जवाहर लाल नेहरू मेडिकल कॉलेज में एक सप्ताह के बाद बच्चों के सीबीसी (कंप्लीट ब्लड टेस्ट) शुरू हुए। पैथोलॉजी लैब में टेस्ट को करने वाली मशीन खराब हो चुकी थी। इसके चलते बीमार बच्चों का टेस्ट वहां पर नहीं किया जा रहा था। इसके चलते अभिभावकों को अपने बच्चों का टेस्ट निजी लैबों में जाकर करवाना पड़ रहा था। यहां उनसे टेस्ट के बदले में 200 से 400 रुपये लिए जा रहे थे। इसको लेकर अमर उजाला ने प्रमुखता के साथ खबर प्रकाशित की। खबर छपते ही मेडिकल कॉलेज प्रबंधन तुरंत हरकत में आ गया।
प्रबंधन ने खराब मशीन को अब दुरुस्त करवा दिया है। सोमवार को ओपीडी में जिन बच्चों को विशेषज्ञ ने सीबीसी टेस्ट लिखे उन बच्चों के टेस्ट पैथोलॉजी लैब में मुफ्त हुए। इससे अभिभावकों को अपने बीमार बच्चों के टेस्ट करवाने के लिए निजी लैबों में पैसे खर्च नहीं करने पड़े। अभिभावकों अरविंद, सुरेश कुमार, शक्ति प्रसाद, मनोज कुमार, जितेंद्र और रवि कुमार ने बताया कि मेडिकल कॉलेज में टेस्ट बंद होने से बीमार बच्चों का इलाज करने में अभिभावकों को काफी परेशानी हो रही थी। दोबारा से टेस्ट शुरू करने के लिए उन्होंने मेडिकल कॉलेज प्रबंधन का आभार प्रकट किया है। प्राचार्य डॉक्टर पंकज गुप्ता ने बताया कि मशीन में आई खराबी को दुरुस्त करवा दिया गया है। अब रुटीन में बच्चों के सीबीसी टेस्ट पैथोलॉजी लैब में किए जा रहे हैं।