भरमौर (चंबा)। शराब के नशे में धुत होकर गाड़ी चलाने पर कांगड़ा जिले के चालक को अपना ड्राइविंग लाइसेंस गंवाना पड़ सकता है।
भरमौर थाना की टीम ने वीरवार को खड़ामुख के पास नाके के दौरान कांगड़ा जिले की निजी कार को चेकिंग के लिए रोका। चालक की बातों से लग रहा था कि वह नशे में है। नशा मापक यंत्र से उसकी जांच की गई तो वह नशे की हालत में पाया गया। पुलिस ने सबसे पहले उसका लाइसेंस जब्त किया। साथ ही उसकी कार को भी सड़क के किनारे खड़ा करवा दिया। उसके परिजनों को बुलाकर कार की चाबी सौंपी गई। लाइसेंस रद्द करवाने के लिए पुलिस संबंधित आरएलए को सिफारिश करेगी। पुलिस अधीक्षक विजय सकलानी ने बताया कि नशे की हालत में गाड़ी चलाना चालक व सवारियों के लिए जानलेवा हो सकता है। इसलिए पुलिस ऐसे चालकों पर नकेल कस रही है। इस प्रकार के चालकों के लाइसेंस रद्द करवाए जाएंगे। संवाद