जालपा हिडिंबा माता जातर मेले की अंतिम सांस्कृतिक संध्या में कलाकारों ने जमाया रंग
संवाद न्यूज एजेंसी
मैहला (चंबा)। जालपा हिडिंबा माता जातर मेले की अंतिम सांस्कृतिक संध्या का रंगारंग प्रस्तुतियों के साथ समापन हुआ। कार्यक्रम में भरमौर के पूर्व विधायक जिया लाल मुख्य अतिथि रहे। सांस्कृतिक संध्या में जम्मू-कश्मीर के रियासी से पहुंचे लोक कलाकार चमन लहरी ने शानदार प्रस्तुतियों से दर्शकों का दिल जीत लिया। उन्होंने डोगरी गीतों के साथ लोकप्रिय हिमाचली गीत अज छतराड़ी, कल राखा डेरा और मेरेया शराबानुआ घड़ी पल नाची ले तू प्रस्तुत किए। उनके गीतों पर दर्शक देर रात तक झूमते नजर आए। इससे पहले मैहला के युवा कलाकार गौरव ठाकुर ने केलंग मराली भजन प्रस्तुत कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। उन्होंने अपने लोकप्रिय गीतों की प्रस्तुति देकर लोगों का भरपूर मनोरंजन किया। मेले की अंतिम सांस्कृतिक संध्या में स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं की काफी भीड़ उमड़ी। कलाकारों की शानदार प्रस्तुतियों ने पूरे वातावरण को उत्साह और उल्लास से भर दिया। संवाद