तीसा (चंबा)। देवीकोठी-टेपा मार्ग पर सरकारी बस सेवा एक माह से बंद है। बस सेवा शुरू न होने के कारण ग्रामीणों को काफी परेशानी हो रही है। ग्रामीणों ने बताया कि बस न चलने से उन्हें पैदल ही आवाजाही करनी पड़ रही है। इसके अलावा विद्यार्थियों सहित नौकरीपेशा लोगों को भी निजी वाहनों के जरिये आवाजाही करनी पड़ रही है। ग्राम पंचायत टेपा के प्रधान ध्यान सिंह ठाकुर और उप प्रधान संसार चंद ने बताया कि एक माह से बंद बस सेवा बहाल नहीं हो पाई है। गौरतलब है कि क्षेत्र में भारी बारिश के कारण सड़कों को नुकसान पहुंचा है। अब व्यवस्था पटरी पर लौट आई है लेकिन बस सेवाएं बहाल न होने से ग्रामीण परेशान हैं। ग्रामीणों ने क्षेत्रीय प्रबंधक से मांग की है कि जल्द बस सेवा बहाल की जाए। क्षेत्रीय प्रबंधक शुगल सिंह का कहना है कि यह मामला ध्यान में है। जल्द उचित कदम उठाए जाएंगे।