तेलका (चंबा)। झौड़ा से चंबा और सुंडला के लिए क्षेत्र के लोगों ने दोपहर बाद बस सेवा शुरू करने की मांग की है। लोगों का कहना है कि बस सेवा न होने से उन्हें परेशानी उठानी पड़ती है। बस सेवा शुरू करने के लिए कई बार मांग उठाई गई है लेकिन, अभी तक मांग पूरी नहीं हुई है। स्कूली बच्चों को ज्यादा दिक्कत हो रही है। ग्रामीणों अजय कुमार, प्रकाश चंद, अशोक कुमार, दिलीप कुमार, सुरेश कुमार, करतार सिंह, राजीव कुमार आदि ने बताया कि तेलका क्षेत्र से कई लोगों को शाम के समय चंबा की ओर जाना पड़ता है। कोई भी बस सेवा न होने के कारण लोगों को मजबूरन टैक्सी से आवाजाही करनी पड़ती है। लोगों को अतिरिक्त किराया चुकाना पड़ता है। इससे लोगों को चूना लग रहा है। इसके अलावा तेलका में राजकीय महाविद्यालय, हिमाचल ग्रामीण बैंक, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में कार्यरत कर्मचारियों समेत स्कूली बच्चों को शाम के समय घर जाने के लिए या तो पैदल सफर तय करना पड़ता है या फिर टैक्सी और निजी गाड़ियों का सहारा लेना पड़ता है।