होली (चंबा)। जनजातीय क्षेत्र होली के यात्रियों का सफर महंगा होता जा रहा है। इसकी वजह बंद रूटों पर सरकारी बस सेवाएं बहाल ना होना है।
मच्छैत्तर से चन्होता रूट पर बस सेवा पिछले चार सालों से बंद पड़ी है। इसके चलते यात्रियों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। वर्तमान में ग्रामीण बिना बस के है। ऐसे में उन्हें आवाजाही करने के लिए टैक्सी या फिर निजी वाहनों का सहारा लेना पड़ रहा है। हालांकि, ग्रामीण कई बार बस सेवा बहाल करने की मांग निगम प्रबंधन के समक्ष उठा चुके हैं, मगर अभी तक कोई सकारात्मक पहल नहीं हो पाई है। इस बात को लेकर ग्रामीणों में काफी रोष है।
ग्रामीणों में रमेश कुमार, सुरेंद्र सिंह, बिमला देवी, रेखा देवी, अमित कुमार, सुनीता देवी, अजय कुमार, मदन लाल, काकू राम, प्यार सिंह, नेक राम का कहना है कि वर्ष 2020 में इस रूट पर बस सेवा शुरू हुई थी, मगर कुछ समय के बाद इस बस सेवा को बंद कर दिया गया। ग्रामीणों का कहना है कि सरकार की ओर से एक तरफ बस की सौगात दी जाती है, दूसरी तरफ बस को बिना बताए बंद कर दिया जाता है। बताया कि इस बस का नौकरीपेशा और स्कूली विद्यार्थियों को काफी लाभ मिल रहा था। अब यह बस सेवा दोबारा बहाल नहीं हो पाई है। ग्रामीणों ने निगम प्रबंध से मांग की है कि उक्त रूट पर बस सेवा जल्द बहाल की जाए। उधर, आरएम चंबा शुगल सिंह का कहना है कि यह मामला उनके ध्यान में लाया गया है। कहा कि जल्द ही उचित व्यवस्था बनाई जाएगी।