चंबा। चंबा-कियाणी-शक्तिदेहरा बस दो माह से अपने निर्धारित रूट बस स्टैंड शक्तिदेहरा तक नहीं पहुंच रही है। बस के चालक-परिचालक मनमर्जी करते हुए बस स्टैंड शक्तिदेहरा से दो किमी पीछे ही सिया मोड़ पर सवारियों को उतार रहे हैं। इससे स्कूल और कॉलेज के विद्यार्थियों को दो किमी पैदल सफर तयकर अपने गंतव्यों तक पहुंचना पड़ रहा है। इससे लोगाें की दुश्वारियां बढ़ गई हैं। ग्रामीणों का कहना है कि निगम के चालक-परिचालक जमीन धंसने की बात कहकर आगे तक गाड़ी लेकर नहीं जाते हैं। हालांकि इस राते से ट्रक, मालवाहक वाहन, सिलिंडरों की गाड़ी भी इस मार्ग से आवाजाही कर रही है। प्रबंधन ने बस को निर्धारित रूट पर भेजने की मांग की है। सवारियों शिवानी, भारती, पुष्पा, यशु कुमारी, लवली आदि ने बताया कि बस के निर्धारित रूट तक न पहुंचने से लोगों की परेशानियां बढ़ी हैं। इतना ही नहीं संबंधित विभाग की ओर से भी इस दिशा में सकारात्मक पहल नहीं की जा सकी है। इसका लोगों को खामियाजा भुगतना पड़ रहा है। उन्होंने लोक निर्माण विभाग के अधिकारी से मार्ग को सुचारु करने और निगम की बस को निर्धारित रूट तक लेकर जाने को लेकर क्षेत्रीय प्रबंधक से मांग की है।